कानपुर। माल रोड स्थित ब्रह्मानंद कॉलेज में बुधवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें 290 युवाओं को रोजगार के अवसर मिले। यहां 15 से अधिक कंपनियों ने लिखित परीक्षा और साक्षात्कार लिया। मेले में 647 प्रतिभागी शामिल हुए थे। चयनित कंपनियों में युवाओं को 10 हजार से 29,500 रुपये प्रतिमाह का वेतन मिलेगा।
रोजगार मेले का आयोजन सेवा योजन कार्यालय, कलम संस्था और ब्रह्मानंद कॉलेज की ओर से हुआ। प्राचार्य प्रो. विवेक द्विवेदी ने कहा कि मेले में दि इंडिया थर्मिट कॉरपोरेशन लिमिटेड, यूएसके इक्विपमेंट एलएलपी (अशोक लीलैंड), ब्लिंकिट, हिताची कैश मैनेजमेंट सर्विसेज, वर्धमान टेक्सटाइल्स, श्रीराम फाइनेंस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, स्टार ग्रुप आफ मैनपावर सर्विसेज, सिग्मा स्टाफिंग सॉल्यूशंस व टीम प्लस एचआर सर्विसेज समेत 15 से अधिक कंपनियों ने भाग लेकर युवाओं का साक्षात्कार लिया। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रो. राजेश प्रकाश, सहायक निदेशक (सेवा योजन) उज्जवल कुमार सिंह, कलम संस्था के सचिव डॉ. विपिन शुक्ला, उप प्राचार्य प्रो. नवनीत मिश्र, प्रो. ऋता अवस्थी, प्रो. सुनील सिंह मौजूद रहे।