कानपुर। माघ मेला तीन जनवरी से 15 फरवरी तक प्रयागराज में है। इसके लिए परिवहन निगम, कानपुर रीजन ने तैयारी शुरू कर दी है। माघ मेला स्पेशल 270 बसें दौड़ेंगी जो 24 घंटे सेवा देंगी। साथ ही 50 शटल भी तैयार हैं। ये शटल बसें प्रयागराज के बाहरी स्टैंड से श्रद्धालुओं को संगम क्षेत्र के निकटतम स्थानों तक छोड़ने और वापस लाने का काम करेंगी। छह स्नान पर्वों पर इन बसों से श्रद्धालु जा सकेंगे। हर 10 मिनट में झकरकटी से बस मिलेगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक महेश कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बसों का मुख्य केंद्र झकरकटी बस अड्डा रहेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए संचालन के लिए अलग-अलग डिपो में बांटा गया है। माती डिपो (कानपुर देहात), फतेहपुर, उन्नाव डिपो की बसों को भी प्रयागराज रूट पर लगाया गया है। खास बात यह कि माघ मेला स्पेशल बसों का किराया सामान्य जैसा ही रहेगा, कोई अतिरिक्त मेला सरचार्ज नहीं लिया जाएगा।
अच्छी स्थिति में रहेंगी बसें
सभी बसों की कंडीशन अच्छी स्थिति में रहेगी। इनमें फॉग लैंप, हेडलाइट, विंडो कैचर, हॉर्न सीटों की दशा व साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सभी बसों में रूट के हिसाब से मेला स्टीकर लगाए जाएंगे। सभी डिपो प्रबंधकों को अलर्ट पर रखा गया है। रिजर्व बेड़ा भी तैयार है।
मौनी अमावस्या पर ज्यादा जोर
सबसे बड़े स्नान मौनी अमावस्या (13 जनवरी) पर यात्रियों का दबाव सबसे अधिक रहेगा। इसके लिए झकरकटी बस अड्डे पर अतिरिक्त काउंटर और हेल्प डेस्क की व्यवस्था की जा रही है। बसों के फेरे इस प्रकार तय किए गए हैं कि किसी भी यात्री को बस स्टैंड पर 10-15 मिनट से ज्यादा इंतजार न करना पड़े।
वर्जन
श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देना प्राथमिकता है। माघ मेला के लिए 270 बसों का बेड़ा तैयार है। रूट पर चौबीसों घंटे निगरानी के निर्देश दिए हैं। बसों का संचालन सुचारू हो, इसके लिए सभी डिपो प्रबंधकों और टेक्निकल स्टाफ को मुस्तैद रहने के लिए कहा गया है। - महेश कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम