कानपुर देहात। जिले में परिवहन विभाग में पंजीकृत 6600 वाहन ऐसे हैं, जिनके संचालक रोड टैक्स नहीं जमा कर रहे हैं। इससे बकाया धनराशि 26 करोड़ जा पहुंची है। विभाग ने इन वाहनाें की सूची तैयार कराई। जिसमें 580 बड़े बकायेदारों की आरसी जारी की गई है। अब वाहनों को सीज करने के लिए अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
व्यावसायिक वाहन को तीन माह में रोड टैक्स व गुड्स टैक्स जमा करना होता है। लेकिन कई वाहन स्वामी टैक्स को जमा किए बिना ही सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। इन वाहन मालिकों को पहले ही बकाया जमा करने के लिए नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद बकाया जमा करने के लिए कोई भी कार्यालय नहीं पहुंचा है और न ही ऑनलाइन टैक्स जमा किया है। अब विभाग ने बकाया जमा न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय लिया है।
विभाग के अनुसार दो या अधिक त्रैमासिक टैक्स बकाया होने की स्थिति में संबंधित वाहन को तत्काल सीज किया जाएगा और नीलामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके अलावा अगर वाहन स्वामी निर्धारित समय सीमा तक बकाया कर जमा नहीं करते हैं, तो उनकी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट को भू-राजस्व की भांति वसूलने के लिए जिलाधिकारी को भेजा जाएगा। एआरटीओ प्रशासन ने बताया कि परिवहन विभाग चेकिंग अभियान के दौरान बकाया टैक्स वाले वाहन चालकों से संपर्क कर उन्हें जागरूक किया जा रहा है। साथ ही विभाग की ओर से संदेश के माध्यम से भी वाहन स्वामियों को समय पर टैक्स जमा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है ।
..........................
टैक्स जमा करने की ऑनलाइन भी है सुविधा
वाहन का त्रैमासिक कर ऑनलाइन जमा करने की भी सुविधा है। वाहन स्वामी इसे परिवहन विभाग की वेबसाइट के माध्यम से जमा कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले वेबसाइट arivahan.gov.in पर जाएं। ऑनलाइन सर्विसेज मेन्यू में व्हीकल रिलेटेड सर्विसेज को चुनें। राज्य चुनने के बाद अपने वाहन का नंबर डालें। पे योर टैक्स सर्विस चुनें। मोबाइल नंबर डालें और वन टाइम पासवर्ड जेनरेट करें। टैक्स मोड चुनकर एसबीआई पेमेंट गेटवे से भुगतान करें।
.......................
वर्जन-
जिले के 6600 वाहनों पर कर बकाया है। जिनकी सूची तैयार कर नोटिस भेजी जा रही है। 580 बकायेदारों की आरसी जारी कर सूचना जिलाधिकारी को दी गई है। अब इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - प्रशांत तिवारी, एआरटीओ प्रशासन