सीएसजेएम विश्वविद्यालय में बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए आयोजित बैठक में जानकारी देते एडीएम फाइनेंस शत्रुघन सिंह और मौजूद केंद्र प्रभारी, केंद्र पर्यवेक्षक व अन्य।
- फोटो : amarujala
कानपुर। बीएड 2016-17 की संयुक्त प्रवेश परीक्षा शहर के 49 केंद्रों पर कराई जाएगी। इसमें 25 हजार स्टूडेंट शामिल होंगे। इसी सिलसिले में कानपुर यूनिवर्सिटी के इंटरनेशनल आडिटोरियम में बुधवार को मीटिंग हुई। इसमें सभी पर्यवेक्षक, केंद्राध्यक्ष और मजिस्ट्रेट शामिल हुए। परीक्षा प्रभारी और एडीएम फाइनेंस शत्रुघ्न सिंह ने कहा कि प्रवेश परीक्षा मजिस्ट्रेट की देखरेख में कराई जाएगी। इससे गोपनीयता और गुणवत्ता बरकरार रखी जाएगी।
बीएड की प्रवेश परीक्षा 22 अप्रैल को दो पालियों में कराई जाएगी। इसे देखते हुए ही कानपुर यूनिवर्सिटी ने इस तारीख (22 अप्रैल) की निर्धारित रेग्युलर और प्राइवेट परीक्षाएं स्थगित कर दी। यह परीक्षा बाद में कराई जाएगी। इस बार की बीएड प्रवेश परीक्षा लखनऊ यूनिवर्सिटी की देखरेख में कराई जा रही है लेकिन कानपुर यूनिवर्सिटी नोडल केंद्र है। जिला प्रशासन की मदद भी ली जा रही है। एडीएम फाइनेंस ने कहा कि इस बार पेपर, आंसर शीट कोषागार के डबल लॉक में रखवाया गया है। मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में ही पेपर केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था है। रजिस्ट्रार सैय्यद वकार हुसैन और कोआर्डिनेटर प्रो. आरसी कटियार ने कहा कि बायोमेट्रिक अटेंडेंस और वीडियोग्राफी की व्यवस्था भी कराई जानी है। प्रवेश परीक्षा के लिए डीएवी, डीबीएस, एसएन सेन, जुगली देवी, सरस्वती ज्ञान मंदिर और सोनेलाल पटेल स्कूल सहित शहर में 49 केंद्र बनाए गए हैं।