कानपुर। कानपुर-लखनऊ रेलमार्ग पर शुक्लागंज स्थित रेलवे पुल की मरम्मत का काम तय समय से दो दिन पहले पूरा हो गया है। अब ट्रेनें 29 अप्रैल से फुल स्पीड से इस रूट पर रफ्तार भरेंगी। बता दें कि यहां 42 दिन का मेगा ब्लॉक लेकर मरम्मत कार्य किया जा रहा था। यह कार्य 30 अप्रैल तक पूरा होना था।
सेंट्रल स्टेशन के अधीक्षक अवधेश द्विवेदी ने बताया कि ट्रैक मरम्मत कार्य की वजह से 25 जोड़ी ट्रेनें निरस्त थी या फिर आधे रास्ते से लौट रही थी। ये ट्रेनें कानपुर सेंट्रल तक नहीं आ रही थी। अब ये सभी मंगलवार से चलने लगेंगी। ट्रेन संचालन शुरू होने से सबसे ज्यादा राहत दैनिक यात्रियों को मिलेगी क्योंकि कानपुर से चलने वाली रायबरेली, प्रतापगढ़, कासगंज-लखनऊ पैसेंजर सहित आधा दर्जन ट्रेनें अब तक निरस्त थी। इनके चलने से दैनिक यात्रियों को सबसे बड़ी राहत होगी। मेगा ब्लॉक के दौरान इस मार्ग से जो ट्रेनें आ-जा रही थी, उन्हें कॉशन देकर चलाया जा रहा था। हालत यह थी कि स्वर्ण शताब्दी पिछले 42 दिन से लगातार 20 से 25 मिनट लखनऊ से लेट आकर नई दिल्ली जा रही थी।