लखनऊ/कानपुर। मेट्रो में यात्रियों की संख्या बढ़ाने एवं सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए शहर में 24 और पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। इन्हें विकसित करने के लिए मेट्रो ने जमीन मांगी है। गुरुवार को लखनऊ में हुई बैठक में मेट्रो स्टेशनों के आसपास के मोहल्लों तक आवागमन के लिए 50 नए ऑटो एवं टेंपो सर्कुलर रूट तय किए गए। शटल बस सेवा भी शुरू करने की योजना है।
यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद मेट्रो प्रशासन की ओर से उठाया गया है। लखनऊ में मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में हुई बैठक में इन फैसलों पर मुहर लगी। बैठक में बताया गया कि कानपुर में 24 नए पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे जिनकी निविदा प्रक्रिया नगर निगम की ओर से जारी की गई है। 50 नए ऑटो एवं टेंपो सर्कुलर रूट पर नए स्टॉप भी निर्धारित किए गए हैं जिससे मेट्रो स्टेशनों तक पहुंच आसान होगी। सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। प्रमुख सरकारी आवासीय कॉलोनियों और कार्यालयों को नजदीकी मेट्रो स्टेशनों से जोड़ने के लिए शटल बस सेवाएं शुरू करने पर भी सहमति बनी है।
बेहतर कनेक्टिविटी पर जोर
यूपीएमआरसी के एमडी सुशील कुमार ने कहा कि मेट्रो सेवाओं को आसान बनाने के लिए कनेक्टिविटी मजबूत करना बेहद जरूरी है। उन्होंने पर्याप्त पार्किंग सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया ताकि अधिक लोग मेट्रो का उपयोग कर सकें। कॉरपोरेशन एप आधारित मोबिलिटी सेवाओं जैसे यूटीयू मोबिलिटी के माध्यम से कनेक्टिविटी को मजबूत कर रहा है। यह ओला, उबर और रैपिडो जैसी सेवाओं के साथ भी समन्वय कर यात्रियों को सुविधाजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध करा रहा है।
इन मेट्रो स्टेशनों में है पार्किंग की सुविधा
रावतपुर, एलएलआर, मोतीझील, नवीन मार्केट, नयागंज, कानपुर सेंट्रल। इनके अलावा झकरकटी और ट्रांसपोर्टनगर में पीपीपी मॉडल पर वाहन पार्किंग स्थल विकसित किए गए हैं।