सजेती (कानपुर)। थाना क्षेत्र के एक मकान में मंगलवार की रात घुसे चोरों ने लूटपाट की। खटपट सुनकर परिजनों ने चोरों को ललकारा तो वह फायर करते हुए भाग निकले। पुलिस ने मामले को संदिग्ध करार देते हुए अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। एसओ अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सजेती कस्बे के बृजेश ने बताया कि उसका बड़ा भाई रामनरेश ट्रक चालक है। बीती रात वह गाड़ी पर गया हुआ था। भाभी संगीता अपने बच्चों के साथ मकान पर सोई थी। देररात एक बजे के आसपास पांच अज्ञात बदमाशों ने उसके घर पर धावा बोला। दो बदमाशों ने बगल के मकान में सोए बृजेश के सीने पर असलहा लगाकर जगाया और अपने कब्जे में कर लिया। जबकि, तीन बदमाशों ने कमरे में रखे बक्से और अन्य सामान पलटना शुरू कर दिया।
इधर, खटपट की आवाज सुनकर दूसरे मकान पर सोए बृजेश के ससुर बल्ली की नींद खुल गई। उसने शोर मचाते हुए बदमाशों को ललकारा तो बदमाशों ने तमंचे से एक हवाई फायर किया और भाग निकले। बदमाश जेवर समेत 50 हजार रुपये नगदी लूटकर भाग गए। बृजेश ने बताया कि पैसा मकान निर्माण कराने के लिए रखा था। बताया कि उसने घटना की तहरीर थाने में दी है। लेकिन, पुलिस ने अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया है।