कानपुर देहात। रविवार को मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत बीएलओं को बूथों पर रहने के निर्देश दिए गए थे। मतदाताओं के प्रारूप 6,7 व 8 भराए जाने थे। एसडीएम अकबरपुर व डेरापुर ने बूथों का निरीक्षण किया। जिसमें पांच बीएलओ अनुपस्थित मिले। उनसे स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर मतदाता सूची पुनरीक्षण का काम चल रहा है। जिसमें रविवार को सभी बीएलओ को बूथों पर रहकर मतदाता सूची संबंधी कार्य निपटाने थे। अकबरपुर एसडीएम आनंद कुमार सिंह व तहसीलदार ऋषिकांत राजवंशी ने रूरा के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कन्या जूनियर हाईस्कूल के बूथों का निरीक्षण किया। यहां बूथ संख्या 33 पर बीएलओ पिंकी देवी, 37 के शहनूर अहमद, 38 के रामसरन गुप्ता, अनुपस्थित मिले। जबकि अकबरपुर में 246 पर बीएलओ नैनसी ओमर नदारद मिलीं। एसडीएम आनंद कुमार सिंह ने बताया कि अनुपस्थित बीएलओ से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। डेरापुर प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम दीपाली कौशिक ने कस्बे के पांच बूथों के अलावा मुंगीसापुर, लाडपुर पैठ, खिरवा आदि एक दर्जन पोलिंग बूथों का निरीक्षण किया। एसडीएम ने बताया कि खिरवा बूथ पर एक बीएलओ नदारद मिला। जानकारी करने पर बताया गया कि वह गांव में किसी महिला का प्रपत्र भरने गया है। उन्होंने कहा कि इसकी जांच के लिए कानून गो को निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।