कानपुर देहात। रनियां औद्योगिक क्षेत्र में बिजली के चार बड़े बकायेदारों के बिजली बिल जमा न करने पर अकबरपुर तहसीलदार ने उनके गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए थे। गुरुवार को उनकी गिरफ्तारी के लिए अमीनों की टीम उनकी फैक्ट्रियों में भेजी गई, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। जबकि, एक अन्य बकायेदार ओम फैब्रीकेटर के संचालक आलोक को टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। विभाग के मुताबिक, बाकी के गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
बिजली बिल जमा न करने पर रनियां कस्बा के जेके पालीमर्स के हरदीप राखरा, शिशु सोप के मालिक मनीष कुमार, विशाल ट्रेडर्स के सर्वेश कुमार, पशु आहार बनाने वाले सुरेंद्र शिवहरे का तहसीलदार राजीव उपाध्याय ने वारंट जारी कर दिया था। इसके बाद से बड़े बकायेदार उद्यमियों में हड़कंप की स्थिति है। गुरुवार को अमीनों की टीम बकायेदारों को गिरफ्तार करने के लिए फैक्ट्रियों में भेजी गई। टीम को कोई बकाएदार नहीं मिला। तहसीलदार ने बताया कि जेके पालीमर्स पर 10 लाख 50 रुपये, साबुन फैक्ट्री के संचालक पर 32 लाख 50 हजार, विशाल ट्रेडर्स पर 13 लाख 50 हजार, पशु आहार के संचालक पर 3 लाख रुपये बकाया है। नोटिस के बाद बिल जमा करने पर आरसी जारी की गई थी। बिल जमा न करने पर उनके विरूद्ध वारंट जारी किया गया है। तहसीलदार राजीव उपाध्याय ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए अमीनों को भेजा गया था जरूरत पड़ने पर अमीनों को पुलिस बल लेने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, ओम फैब्रीकेटर के संचालक आलोक कुमार को टीम ने गिरफ्तार कर लिया। इन पर 6 लाख 10 हजार रुपये का बकाया है। उसका कई दिनों पहले वारंट जारी किया गया था।