अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। संदिग्घ हालात में युवती ने सूने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शव के पास अज्ञात मोबाइल फोन पड़ा मिला। परिजनों ने छेड़छाड़ व दुष्कर्म की आशंका जताई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के चमरौली मोहल्ले की रामबाई (22) पुत्री शिवराज ने सोमवार को दोपहर घर में छत की घन्नी से दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। भाई हरीओम ने बताया कि माता-पिता शहर के सैमरा गांव में रहते हैं। यहां बहन समेत तीन भाई रहते है।
घटना वाले दिन तीनों भाई किसी काम से बाहर गए थे। छोटा भाई लक्ष्मी प्रसाद के घर वापस आने पर बहन को बंद कमरे में खिड़की से फांसी के फंदे से लटकते देखा। पुलिस व परिजनों की सूचना पर कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारा गया। शव के पास मोबाइल फोन पड़ा मिला। जिसकी जानकारी परिजनों को नहीं थी। कॉल डिटेल के हिसाब से कुछ देर पहले बड़े भाई हरिओम को उसी मोबाइल से फोन किया गया था।
लेकिन वह बाजार में होने की वजह से फोन नहीं उठा सका। थानाध्यक्ष डीपी तिवारी ने बताया कि सूचना पर वह घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। शव के पास से किसी प्रकार का सुसाइड नोट व सूत्र नहीं मिला। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। भाई हरिओम ने बताया कि रामबाई राजा देवी डिग्री कालेज से बीए फाइनल की पढ़ाई कर रही थी। बेड पर पड़ा मोबाइल फोन उसके पास पहले कभी नहीं देखा गया।