अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। शहर कोतवाली के मोहल्ला प्रगति नगर निवासी सिपाही के घर से चोरों ने शनिवार रात रुपये व गहने समेत करीब एक लाख समेट ले गए। सिपाही की तैनाती लखनऊ में है। दो मई को घर में ताला डालकर पत्नी और बच्चा लखनऊ गए थे। रविवार को पडोसियों ने ताला टूटा देखा। पड़ोसियों की जानकारी पर पहुंची महिला ने पुलिस को चोरी की सूचना दी।
शहर कोतवाली के मोहल्ला प्रगति नगर निवासी शिशुपाल पुलिस विभाग में सिपाही है। उसकी तैनाती लखनऊ के गोमतीनगर में है। घर पर पत्नी शशिप्रभा बेटा प्रभात (13) और भांजा अंकित(20) निवासी महमदपुर बिलग्राम रहते हैं। 31 मई को भांजा अपने घर चला गया था। घर पर ताला डालकर दो मई को शशिप्रभा बेटे प्रभात के साथ पति के पास लखनऊ चली गई थी।
उसके घर के बगल का प्लाट खाली है। उसके बाद रामभजन का मकान बना है। रविवार को रामभजन छत पर सोए थे। सुबह करीब छह बजे वह छत पर टहल रहे थे। उन्हें शिशुपाल के मकान की दीवार के किनारे गेहूं बिखरे दिखे। इसके साथ ही घर के बारामदे के चैनल का ताला टूटा पड़ा था। रामभजन ने इस संबंध में शिशुपाल को फोन कर जानकारी दी। करीब नौ बजे शशिप्रभा घर पहुंची मेन गेट का ताला खोलकर अंदर पहुंची।
कमरे में रखा बड़ा बक्सा खुला था और उसने रखे सूटकेस से गहने व रुपये चोरी हो गए थे। सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस पहुंची। पूछताछ में शशिप्रभा ने बताया कि सूटकेस में 20,000 रुपये, एक जोड़ी झुमकी, दो अंगूठी, चेन, एक जोड़ी पायल चोरी हुआ है। उसके अनुसार चोर करीब एक लाख का सामान समेट ले गए। कोतवाल भगवान सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। इस संबंध में अभी तहरीर नहीं मिली है।
चोरों के निशाने पर प्रगति नगर
28 मई को मोहल्ला निवासी राजेश कुमार के घर से चोर रुपये व सामान समेट ले गए।
30 मई को मोहल्ला निवासी मुकेश के यहां से चोरों ने सामान समेटा।
31 मई को मुहल्ला निवासी आशीष कुमार के यहां रुपये व गहने समेत करीब डेढ़ लाख की चोरी।
8 जून को कोतवाली क्षेत्र में कुर्रिया निवासी कल्लू ने करीब डेढ़ लाख का सामान चोरी होने की सूचना दी थी।
- शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला प्रगति नगर में हुई वारदात
- घर में ताला डालकर बच्चे के साथ पति के पास लखनऊ गई थी