कानपुर देहात। परिवहन विभाग ने शुक्रवार को रूरा, डेरापुर, मुंगीसापुर, सिकंदरा और बाराजोड़ पर अभियान चलाकर 21 वाहनों को सीज कर वाहन स्वामियों पर 2.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही अधिकारी ने चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की बात कही।
जिलेभर में दौड़ रहे अनफिट वाहनों की वजह से हादसे हो रहे हैं। इसको देखते हुए शुक्रवार को एआरटीओ सोमलता यादव ने डेरापुर-मंगलपुर मार्ग पर चलने वाले वाहनों के चालकों को यातायात के नियमों के उल्लंघन करते पाया। वहां उन्होंने तीन ऑटो, दो वैन व एक पिकअप के खिलाफ जुर्माने लगाने के साथ उन्हें सीज कर दिया। इसी तरह एआरटीओ ने रूरा मुख्य चौराहे आरओबी पुल के नीचे डेरापुर रोड थाने के पास व क्रासिंग के पास डाकघर के रास्ते में चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान छह ऑटो, एक ई-रिक्शा व एक गैस सिलेंडर लाने ले जाने वाले लोडर का फिटनेश व प्रदूषण के कागजात न मिलने सीज करके थाने में खड़ा कराया। इसी तरह रसधान में एक जेसीबी, बाराजोड़ में दो ऑटो, मुंगीसापुर में तीन ऑटो को सीज किया। एआरटीओ सोमलता ने बताया कि चेकिंग के दौरान जिन वाहनों के कागज पूरे नहीं थे। उन्हें सीज कर 2.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।