मलिकपुर/गुरसहायगंज। श्रद्धालुओं से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से महिला और एक साल की बच्ची समेत तीन की मौत हो गई। करीब 18 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी लोगों को गुरसहायगंज सीएचसी में भर्ती कराया। हादसे के बाद चालक मौके से भाग गया।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव गंगागंज गुरौली निवासी रामप्रकाश मूर्ति ने घर के पास मां दुर्गा का मंदिर बनवाया है। बुधवार को वह मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा करा रहे थे। धार्मिक मान्यता के आधार पर वह मूर्ति को पांच प्राचीन मंदिरों से स्पर्श कराने के लिए रिश्तेदार और गांव के लोगों के साथ चार ट्रैक्टरों से निकले थे। शाम करीब पांच बजे जहांगीरपुर महोना में स्थित एक आश्रम के मंदिर से दर्शन कर सभी लोग ट्रैक्टर ट्राली में बैठकर गांव लौट रहे थे। एक ट्रैक्टर चालक ने सभी ट्रैक्टरों को तेज स्पीड से ओवरटेक किया और ब्राहिमपुर मार्ग पर मोड़ते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा कर पलट गया। कई लोग ट्राली के नीचे दब गए। हादसे में ज्योति (30) पत्नी दीपक निवासी सुर्सी और एक वर्षीय बेटी बिट्टू के साथ ही रानी (55) पत्नी राकेश सक्सेना ने दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना पर कोतवाली प्रभारी नागेंद्र कुमार पाठक फोर्स के साथ पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से रेखा पत्नी राजेंद्र, रेनू पत्नी रामस्वार्थ, आकांक्षा पुत्री ओंकार, काजल पुत्री संजीव, पिंकी पुत्री सर्वजीत, मंजू पत्नी हरी राम, रेनू पत्नी अजीत, सरोजनी पत्नी आसाराम, आरुषि पुत्री सुशील, नीलम पुत्री बसंत, राम संतोषी पुत्री राकेश और कोमल पुत्री अवध किशोर समेत छह अन्य को सीएचसी में भर्ती कराया। हादसे के बाद चालक मौके से भाग गया। हालत गंभीर होने पर नौ घायलों को तिर्वा मेडिकल कॉलेज भेजा गया।