कानपुर देहात। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले के खिलाफ लोगों का आक्रोश शांत नहीं हो रहा है। बुधवार को भी जनपद के विभिन्न स्थानों पर धरना-प्रदर्शन के साथ ही कैंडल मार्च व पुतला दहन का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान लोगों ने पड़ोसी देश के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया।
पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों पर हुए आतंकवादी हमले के विरोध में मुरीदपुर के सुंदारा शिक्षण संस्थान के करीब एक सैकड़ा विद्यार्थियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए स्कूल प्रांगण से रैली व कैंडल मार्च निकाला। कलक्ट्रेट पहुंचने पर विद्यार्थियों ने पड़ोसी देश के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आतंकवाद का पुतला दहन किया। साथ ही पाकिस्तान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की मांग देश से की। वहीं, झींझक प्रतिनिधि के अनुसार जामा मस्जिद के इमाम यूसुफ रजा खान के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के लोगों ने पहले शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मस्जिद के बाहर रैली निकालकर कस्बे के मुख्य मार्ग पर घूमते हुए हिंदुस्तान जिंदाबाद आतंकवाद मुर्दाबाद, इंडियन आर्मी जिंदाबाद के नारे लगाए और बाद में स्टेशन रोड के सामने पाकिस्तान का पुतला फूंका। उन्होंने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन चौकी प्रभारी अनुराग पांडेय को सौंपा। इस दौरान मोहम्मद रसूल, अनवार हुसैन, महमूद अख्तर हुसैन, रिजवान, ईडन खान, आरके खान, इंकलाब खान, गुड्डू खान, भूरा सिद्दीकी, इदरीश, शानू खान, बबलू खाँ आदि मौजूद रहे। चौकी प्रभारी झींझक अनुराग पांडेय ने बताया की ज्ञापन एसडीएम डेरापुर कार्यालय भेजा जाएगा। संदलपुर प्रतिनिधि के अनुसार संदलपुर क्षेत्र के लोगों में पाकिस्तान के प्रति जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है। हिसावा गांव में स्कूली बच्चों व ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान प्रदीप कुमार तिवारी, नीलम दीक्षित, जनमेजय सिंह, एडवोकेट विनोद कटियार, मनु दीक्षित, सौरभ कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वहीं, ब्लॉक परिसर में प्रधान संघ संदलपुर के महामंत्री अक्षय कुमार की अध्यक्षता में शोक सभा आयोजित कर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।