घाटमपुर (कानपुर)। कस्बे के कैप्टन सुखबासी सिंह स्मारक जनता महाविद्यालय में चल रहे प्रबंधतंत्र के विवाद में मंगलवार को एक फिर कालेज के शिक्षकों ने शिक्षण कार्य बंद कर छात्रों के साथ रोड पर धरना दिया। सड़क पर धरने देने से मुगल रोड पर जाम लग गया। सीओ शैलेंद्र सिंह पहुंचे और शिक्षकों को समझा-बुझाकर वापस कालेज में भेजा। शिक्षकों का आरोप है कि चार महीने से वेतन नहीं मिल रहा है। अल्प वेतनभोगी होने के चलते उनके घरों में चूल्हे ठंडे हो गए हैं। दूसरी ओर छात्रों का छात्रों का कहना है कि प्रबंधतंत्र की खींचतान में पढ़ाई चौपट होकर रह गई है।
महाविद्यालय के शिक्षकों के साथ बीएड संकाय के छात्र दोपहर में कालेज गेट के सामने एकत्र होकर धरने पर बैठ रोड जाम कर दिया। छात्रों का कहना है कि महाविद्यालय में शिक्षा सत्र की शुरुआत से ही प्रबंधतंत्र के बीच विवाद शुरू है। जहां शिक्षकों को बीते कई महीने से वेतन नहीं मिला है। वहीं उनकी पढ़ाई प्रभावित है जिससे उनका भविष्य संकट में है।
शिक्षकों और छात्रों के रोड जाम कर देने से मुगल रोड पर वाहनों की कतारें लग गईं , जिससे 20 मिनट तक जाम लगा रहा। बाद में सीओ के आश्वासन पर वह हट गए इसके बाद शिक्षकों ने महाविद्यालय के अध्यक्ष डा. प्रेम सिंह से वार्ता करने का प्रयास किया। लेकिन, उन्होंने व्यस्तता का हवाला देते हुए गुरुवार को महाविद्यालय आकर उनकी बात सुनने का भरोसा दिया। बता दें कि दस दिन पहले 14 सितंबर को महाविद्यालय के छात्रों ने इस समस्या को लेकर रोड पर जाम लगाया था, और तहसील में एसडीएम को अपनी समस्या से संबंधित ज्ञापन दिया था।