फतेहपुर। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत अब कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की बालिकाओं को कक्षा आठ से बाद भी पढ़ाई की सुविधा मुहैया होगी। इसके लिए चालू सत्र में माध्यमिक शिक्षा विभाग ने 200 छात्राओं को सभी सुविधाएं मुहैया कराने की व्यवस्था की है।
जिले के 13 ब्लाकों में से 10 ब्लाकों में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं। प्रत्येक विद्यालय में 100-100 छात्राओं के रहने, खाने, यूनिफार्म, जूते, मोजे, कापी किताबों के साथ कक्षा आठ तक की पढाई की निशुल्क व्यवस्था लागू है। इन स्कूलों से पढ़ने वाली अधिकांश गरीब बालिकाओं की कक्षा आठ के बाद
पढाई बंद हो जाती है। ऐसे में माध्यमिक शिक्षा विभाग ने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए यह व्यवस्था लागू की है। योजना के तहत हसवा ब्लाक के थरियांव और विजयीपुर ब्लाक में छात्रावासों का निर्माण कराया है। तीन करोड़ 40 लाख 50 हजार की लागत से दोनों बालिका छात्रावास बनकर तैयार हो चुके हैं। इनमें कस्तूरबा गांधी विद्यालय से कक्षा आठ उत्तीर्ण करने वाली छात्राओं के रहने, खाने की मुफ्त व्यवस्था होगी। दोनों में एक-एक महिला वार्डन नियुक्त की जाएगी। छात्राओं को यूनिफार्म, कापी किताबों के साथ, तेल, साबुन, मंजन आदि भी निशुल्क मिलेगा। बीमार होने पर विभाग मुफ्त में इलाज भी कराएगा।
थरियांव छात्रावास की छात्राओं का प्रवेश राजकीय माडल इंटर कालेज दनियालपुर और अधारपुर छात्रावास की छात्राओं का दखिला शुकदेव इंटर कालेज खागा में कराने की तैयारी है। डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अभी विभाग इन छात्राओं को हास्टल से कालेज तक भेजने की व्यवस्था को लेकर असमंजस में है। इसके लिए शासन को लिखापढ़ी की गई है। वैसे तो वार्डेन की नियुक्ति कस्तूरबा या फिर किसी एडेड स्कूल का शिक्षक की नियुक्ति वार्डेन के रूप में की जाएगी।
बा छात्राओं को रहने व खाने की दी सुविधा
दो सौ छात्राओं को मिलेगी राहत, जिले में पहली बार लागू हुई यह योजना
अमर उजाला ब्यूरो