चोरी के बाद अलमारी दिखाती महिला।
- फोटो : संवाद
कानपुर। किदवईनगर में शातिर चोरों ने पावर काॅरपोरेशन के सेवानिवृत्त ऑडिटर के घर से 20 लाख का माल पार कर दिया। घटना के समय ऑडिटर नातिन को छोड़ने बंगलूरू व पत्नी शताब्दी नगर निवासी बेटे के घर गईं थी। 19 जून को घर लौटने पर चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
किदवईनगर साइड नंबर वन स्थित डबल स्टोरी कॉलोनी की पहली मंजिल पर रहने वाले राज कुमार चतुर्वेदी पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड से सेवानिवृत्त हैं। पत्नी रजनी भी केस्को कर्मी रही हैं। बेटा शोभित पनकी के शताब्दी नगर में रहता है। राज कुमार ने बताया कि कुछ दिनों पहले नातिन मुस्कान की बंगलूरू में नौकरी लगी है। उसे छोड़ने के लिए वह 28 मई को बंगलूरू गए थे। दो जून को रजनी की तबीयत खराब होने पर वह शताब्दीनगर निवासी बेटे के घर चली गईं। 19 जून को पत्नी घर लौटी तो कमरों और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। अलमारी में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये और 18.5 लाख रुपये से अधिक के जेवर गायब थे।
किदवईनगर इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि घर कई दिन बंद रहा है। ऐसे में चोरी किस दिन और कितने समय हुई, इसका पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं। आरोपियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।