कानपुर। भैरवघाट पंपिंग स्टेशन की बिजली 26 घंटे गुल होने से शनिवार को करीब 20 लाख शहरवासियों को पानी की किल्लत हुई। जलकल विभाग ने विभिन्न मोहल्लों में 27 टैंकर भेजे पर वह नाकाफी साबित हुए। लोग सबमर्सिबल से पानी भरने के लिए मजबूर रहे। 30 नवंबर को भी किल्लत रहेगी।
28 नवंबर को शाम 4:30 बजे केस्को ने भैरवघाट पंपिंग स्टेशन में लगा ट्रांसफार्मर बंद कर दिया था। इससे इस पंपिंग स्टेशन की बिजली गुल हो गई और उससे कच्चे पानी की आपूर्ति ठप हो गई। इस वजह से स्वरूपनगर जैसे पॉश इलाके से लेकर सूटरगंज, ग्वालटोली,, खलासीलाइन, चमनगंज, बेकनगंज, हरबंशमोहाल, जनरलगंज, कोपरगंज, लक्ष्मीपुरवा, पटकापुर, धनकुट्टी, नयागंज, बिरहाना रोड, सुतरखाना, जैसे घनी आबादी वाले 67 वार्डों में शुक्रवार शाम को पानी की किल्लत शुरू हो गई थी। इन वार्डों के सौ से ज्यादा मोहल्लों में लो-प्रेशर से पानी की आपूर्ति हुई। शनिवार सुबह और शाम को नलों से पानी नहीं आया।
कोट
केस्को ने 28 नवंबर को भैरवघाट पंपिंग स्टेशन में लगे ट्रांसफार्मर को बंद कर ऑयल की टेस्टिंग की। शनिवार रात में विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है इस लिए 30 नवंबर को पानी की आपूर्ति नहीं हो पाएगी। - रमेश चंद्रा, अधिशासी अभियंता, जोन - 4 व भैरवघाट पंपिंग स्टेशन प्रभारी, जलकल विभाग
भैरवघाट पंपिंग स्टेशन के ट्रांसफार्मर में भरे ऑयल की जांच की गई है। रिपोर्ट में चार्जिंग कम मिली। इसलिए ट्रांसफार्मर को चालू कर टेस्टिंग की जा रही है। यह कार्य देर शाम तक पूरा कर ट्रांसफार्मर से विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। - अरुण, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड, केस्को