झींझक। कंचौसी स्टेशन पर बुधवार से ऊंचाहार एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हो गया। ठहराव के बाद सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने हरी झंडी दिखा कर गाड़ी को आगे के लिए रवाना किया। ट्रेन का ठहराव होने से क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
सांसद अकबरपुर देवेंद्र सिंह भोले ने कहा कि इस गणतंत्र दिवस पर क्षेत्र के लोगों के लिए यह बड़ा तोहफा है। बुधवार की सुबह 5 बजकर 30 मिनट पर कंचौसी स्टेशन पर ट्रेन रुकी। इसके बाद सांसद ने 5 बजकर 40 मिनट पर हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया। सांसद ने कहा कि कंचौसी स्टेशन पर केवल पैसेंजर ट्रेनें रुकती थी। यहां से सुबह जल्दी कानपुर पहुंचने के लिए कोई ट्रेन नहीं थी। ऊंचाहार एक्सप्रेस के रुकने से लोगों को दूर की यात्रा करने में सुविधा मिलेगी।
इस दौरान यातायात निरीक्षक फफूंद बृजेश मीणा, राजेंद्र सिंह, अरुण सिंह, प्रबल प्रताप आदि मौजूद रहे। स्टेशन अधीक्षक कंचौसी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया की सुबह 3 बजकर 49 मिनट पर कानपुर की तरफ जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस रुकेगी और कानपुर से आने वाली ऊंचाहार रात 9 बजकर 15 मिनट पर स्टेशन में रुकेगी।