झींझक(कानपुर देहात)। दो वर्ष पूर्व नोटबंदी के दौरान जन्मे खजांची नाथ के लिए सपा सुप्रीमो द्वारा बनवाए गए आवास में लगे सोलर पैनल को गायब देख सर्वेशा देवी ने पुलिस को सूचना दी है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की। हालांकि जांच में पैनल टेक्निकल टीम द्वारा मरम्मत के लिए ले जाने की बात सामने आई है।
रविवार को अखिलेश यादव ने खजांची नाथ के जन्मदिन पर आरसीसी विशेष तकनीक से बने आवास दिए थे, जिसमें प्रकाश के प्रबंध के लिए सोलर पैनल लगाए गए थे। वहीं, सुबह पैनल गायब मिलने पर खजांची की मां सर्वेशा देवी ने पुलिस को सूचना दी, जबकि मौके पर पहुंची पुलिस की जांच में पैनल में तकनीकी खराबी आने से संस्था के कर्मचारी मरम्मत के लिए ले जाने की बात सामने आई। आर कॉम कंपनी के इंजीनियर डीडी शर्मा ने बताया कि पैनल ठीक से काम नहीं कर रहा था, इसलिए उसे मरम्मत के लिए भेजा गया है। शीघ्र ही पैनल लगाए जाएंगे। निरीक्षक मंगलपुर तुलसीराम पांडेय ने बताया कि पैनल चोरी की सूचना मिली थी, जांच में पैनल मरम्मत के दिए जाने की बात सामने आई है।