सरवनखेड़ा(कानपुर देहात)। थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार के तड़के खेत जा रही एक किशोरी से पड़ोस में रहने वाले युवक और उसके मामा के बेटे के साथ मिलकर दुष्कर्म किया। पीड़िता के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। वहीं मौके पर पहुंचे एसपी ने जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
गांव की 16 वर्षीय किशोरी परिवारीजनों के साथ एक गांव में धान काटने आई थी। सभी लोग घर के बाहर छप्पर में रह रहे थे। पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता के चाचा ने बताया कि सोमवार की सुबह उनकी भतीजी खेत जाने के लिए बाहर निकली, तभी गांव के अनिल और उसके मामा के बेटे नन्हें किशोरी को अपने घर में खींच ले गए, जहां अनिल ने दुष्कर्म किया। काफी देर तक न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, तो किशोरी अनिल के घर में मिली। जबकि अनिल मौके से फरार हो गया। सूचना पर एसपी राधेश्याम, एएसपी अनूप कुमार सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे। एसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए निर्देश दिए हैं। थानाध्यक्ष शशिभूषण मिश्र ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।