घाटमपुर (कानपुर)। जहानाबाद रोड के भदवारा गांव के पास ट्रक की टक्कर से सवारियों भरा टेंपो खड्ड में जाकर पलट गया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, दूसरे ने कानपुर के हैलट अस्पताल में दम तोड़ा वहीं, पांच अन्य लोग घायल हुए। हादसे का शिकार हुए लोग दीपावली के पर्व पर अपने घर जा रहे थे। दूसरा हादसा पतारा के धरमपुर बंबा के निकट हुआ। एक ही बाइक पर सवार तीन युवकों को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इनमें एक की मौत हो गई। जबकि, दो को हैलट अस्पताल (कानपुर) में भर्ती कराया गया है।
पहला हादसा दीपावली की रात 9.30 बजे सजेती की पुलिस चौकी कुवांखेड़ा इलाके में हुआ। पड़ोसी थाना जहानाबाद (फतेहपुर) क्षेत्र के कुछ लोग एक टेंपो पर सवार होकर त्योहार में अपने घर जा रहे थे। भदवारा गांव के पास पहुंचे तभी ट्रक टेंपो में टक्कर मारता चला गया। ट्रक की टक्कर से टेंपो उछलकर खड्ढ में जा गिरा। हादसे में कृपालपुर (जहानाबाद) फतेहपुर निवासी युवक ओमकार (20) की मौके पर मौत हो गई। जबकि, सोनू (21) निवासी रोशनपुर (जहानाबद) फतेहपुर, दीपक, राजू और शिवलाल निवासी कृपालपुर (जहानाबाद) फतेहपुर को गंभीर हालत में सीएचसी घाटमपुर लाया गया।
डाक्टरों ने घायलों को देररात सीएचसी से कानपुर रेफर कर दिया। जहां सोनू (20) की मौत हो गई। कुवांखेड़ा चौकी इंचार्ज सत्यप्रकाश ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस चौकी रेउना के गांव दहेली के सामने दो बाइकों की भिड़ंत होने से एक बाइक पर सवार किवड़िया (पतारा) निवासी रमेश (50) और दूसरी बाइक पर सवार श्यामजी (18) पुत्र मुकेश निवासी गिरसी (घाटमपुर) घायल हो गए। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। दोनों को कानपुर रेफर किया गया।
इसी तरह कस्बे के जहानाबाद रोड पर किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक सुहेल (18) और उसका भाई बिलाल (16) निवासी अशोक नगर (उत्तरी) घायल हो गए। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था। एक अन्य हादसे में रवाईपुर (सजेती) निवासी भीखम लाल (74) गंभीर रूप से घायल हो गया। वह शाम को पैदल घर की ओर लौट रहा था तभी तेज रफ्तार बाइक सवार उसको टक्कर मारता निकल गया। भीखम लाल को सीएचसी से हैलट (कानपुर) रेफर किया गया।