उन्नाव। गोकशों की सूचना पर गुरुवार रात दबिश देने जा रही पुलिस टीम के एक सिपाही को बंदूक उठाते समय फायर हो गया। उसके दाहिने हाथ में कंधे के नीचे व हथेली में छर्रे लगे हैं। सिपाही को लहूलुहान देख हड़कंप मच गया। एसओ ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। घायल सिपाही अर्जुन सिंह आगरा जनपद के पिनाहट थाने के गांव विप्रावली का रहने वाला है।
आसवीन थानाक्षेत्र के गांव पेसारी स्थित शारदा नहर किनारे जंगल में गोकशी की घटना हुई थी। ग्रामीणों की सूचना पर एसओ जयशंकर सिंह ने छापेमारी की लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही गोकशी करने वाले भाग निकले थे। सीओ बांगरमऊ अंबरीश सिंह भदौरिया भी पहुंचे और जांच की। पता चला कि फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के गांव तकिया निगोही के मजरा पवारन खेड़ा निवासी कोमल यादव के दो बैल बुधवार रात चोरी हो गए थे। उसने तहरीर थाने में दी थी। मामले में आसवीन पुलिस गुरुवार को फतेहपुर चौरासी थाने गई थी और वहां से अतिरिक्त फोर्स लेकर उसी थानाक्षेत्र के गांव कांटा गुलजारपुर व कुरसठ में छापेमारी की तैयारी थी। पुलिस टीम में शामिल जवान मालखाने से बंदूके उठा रहे थे। इसी दौरान दबिश टीम में शामिल सिपाही अर्जुन सिंह पंप एक्शन गन उठा रहा था तभी उसका ट्रैगर दब गया और फायर हो गया। छर्रे उसके दाहिने हाथ की हथेली और कंधे के निचले हिस्ले में लग गए। घायल हुआ सिपाही मूल रूप से आगरा जिले के थाना पिनाहट के गांव विप्रावली का रहने वाला है। घटना से हड़कंप मच गया। फतेहपुर चौरासी थानाध्यक्ष नारदमुनि सिंह ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। रात में कुछ देर इलाज के बाद डाक्टर ने उसे कानपुर लेकर जाने की सलाह देते हुए रेफर कर दिया। एसओ ने बताया कि घायल सिपाही को कानपुर रिजेंसी में भर्ती कराया गया है। एसओ ने बताया कि पंपगन उठाते समय गलती से गोली चलने से सिपाही घायल हुआ है। डॅाक्टरों के मुताबिक उसकी हालत खतरे से बाहर है।