डेरापुर(कानपुर देहात)। थाना क्षेत्र के गुरियापुर गांव में पति-पत्नी के विवाद को लेकर पत्नी के मायकेवालों ने असलहों से लैस होकर दामाद समेत ससुरालियों को पीट दिया। साथ ही हवाई फायर भी किया। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर पीआरबी को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने विवाहिता के पिता, पूर्व ब्लॉक प्रमुख व उसके एक साथी सहित तीन लोगों को दो बंदूक तीन कारतूस और एक खोखा समेत हिरासत में लेकर डेरापुर थाने की पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
गुरियापुर गांव निवासी कंचन सिंह पुत्र रमेश सिंह भदौरिया की शादी चार वर्ष पूर्व बनवारीपुर गांव निवासी सोनी देवी पुत्री राजेंद्र सिंह संग हुई थी। कंचन सिंह ने बताया कि शादी के बाद से वह व्यवसाय के लिए गुजरात चला जाता है। पत्नी सोनी तीन दिन पूर्व मायके में थी, जब वह घर आया तो उसके ससुर राजेंद्र सिंह पत्नी व बच्चे को गांव छोड़ गए। उनके जाने के बाद सोनी मायके जाने की जिद करने लगी। जब उसे डांटा तो वह हंगामा करने लगी। इसी बीच उसने पिता को फोन कर दिया। रात करीब 9:30 बजे ससुर राजेंद्र सिंह ,संदलपुर ब्लॉक के पूर्व ब्लॉक प्रमुख शशांक शेखर, शिवदत्त गुप्ता व दो अन्य सहयोगी डबल बैरल बंदूक सहित स्कार्पियो से उसके दरवाजे आए और परिजनों को गाली गलौज करते हुए पीटने लगे। मारपीट होती देख पड़ोसी बचाने आए तो किसी ने हवाई फायर कर दिया। इस पर ग्रामीणों ने बदमाश समझकर गांव की घेराबंदी कर सूचना 100 पुलिस को दे दी। सूचना पर पहुंची पीआरबी टीम के आशीष कुमार, करतार सिंह व लोकेंद्र सिंह ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर राजेंद्र सिंह, शिवदत्त व पूर्व ब्लॉक प्रमुख शशांक शेखर के पास से डबल बैरल बंदूक तीन कारतूस व एक खोखा कारतूस बरामद किया। पीआरबी टीम ने तीनों को कार एवं शस्त्र सहित डेरापुर थाने पहुंचकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। थानाध्यक्ष रामबहादुर पाल को घटना के बाबत सूचना दी गई है।