घाटमपुर (कानपुर)। मोहर्रम के मौके पर मंगलवार को घाटमपुर, पतारा के जहांगीराबाद और लालपुर में पलंग के जुलूस निकाले गए। पुलिस-प्रशासन की कड़ी चौकसी और सुरक्षा के बीच जुलूसों ने निर्धारित मार्गों में भ्रमण किया। कस्बे में परंपरागत ढंग से हिंदू और मुस्लिम बिरादरी के खलीफाओं ने जुलूस की अगुवाई की।
घाटमपुर कस्बे में मोहल्ला कजियाना से दोपहर में पलंग का जुलूस उठाया गया। जिसकी अगुवाई छिद्दू खलीफा, जफर खलीफा के अलावा हिंदू खलीफा रामस्वरूप सविता और मुन्ना गोस्वामी ने की। जबकि, अखाड़ों और जुलूस के मैनेजर निसार खां और सलमान खुर्शीद सहित अन्य लोगों ने जुलूस के संचालन और व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाई।
कजियाना से जुलूस मुगल रोड पर पहुंचा और वहां से तहसील भवन आया। यहां मौजूद लोगों ने दुलदुल को जलेबियां खिलाईं और पलंग पर चादर चढ़ाकर मन्नतें मांगी। कस्बे के सभी इमामबाड़ों से होता हुआ देर शाम कजियाना में खत्म हुआ। जुलूस में शामिल युवक ढोल-नगाड़े पीटते हुए चल रहे थे।
पतारा प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के जहांगीराबाद और लालपुर गांवों में मंगलवार को पलंग के जुलूस निकाले गए। जिसमें शामिल युवक अखाड़ों के करतब दिखाते चल रहे थे। कोतवाल दिलीप कुमार बिंद ने बताया कि उनके इलाके में सभी जगह मोहर्रम के पलंग का जुलूस शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।