सजेती (कानपुर)। बीते दो दिन पहले थानाक्षेत्र की पुलिस चौकी कुवांखेड़ा के कैथा चौराहे पर चोरों ने एक मोबाइल शाप का ताला तोड़कर हजारों रुपये का सामान पार करने के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार करने के साथ ही मोबाइल शाप से चोरी गया माल भी बरामद कर लिया है। जबकि, पकड़े गए बदमाशों ने अगस्त के महीने में असधना गांव के शराब गोदाम में की गई लूट भी कबूली है।
बरीमहतैन गांव निवासी भानू ने बताया कि कैथा चौराहे पर उसकी मोबाइल शाप है, जिसमें दो दिन पहले चोरों ने धावा बोलकर हजारों रुपये के मोबाइल, रिचार्ज कूपन और अन्य सामान पार कर दिया था। एसओ राजेंद्र रावत ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई। जिस पर पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे। जिनके आधार पर गांव बौहार (घाटमपुर) निवासी पिंटू पुत्र हरिश्चंद्र को पकड़ा गया। उसने अपने दो साथियों जनता नगर, बिंदकी (फतेहपुर) निवासी अनुज पाल और दलवान खेड़ा, थाना कल्याणपुर (फतेहपुर) निवासी शैलेंद्र के नाम बताए। पुलिस ने उनको भी धर दबोचा। पूछताछ में तीनों ने मोबाइल शाप में चोरी की बात बताने के साथ ही माल भी बरामद करवा दिया।
एसओ ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों ने 08 अगस्त को सजेती थाने के ही असधना गांव निवासी प्रकाश नारायण के नलकूप में बने गोदाम में शराब की पेटियां 37600 रुपये की लूट करने की बात भी स्वीकार की। बताया कि तीनों आरोपियों के गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।