अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। बैंक ऑफ बड़ौदा की चौगुर्जी शाखा में मंगलवार को आग लगने से भगदड़ मच गई। कर्मचारियों ने फायर बचाव के साधनों से आग पर काबू पाया। जनरेटर का कनेक्शन काट दिया गया। सूचना के बाद भी बिजली विभाग के कर्मचारी नहीं पहुंचे तो बैंक मैनेजर ने अधिशासी अभियंता को घटना की जानकारी दी। बैंक का काम बंद होने से ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। देर शाम तक व्यवस्था में सुधार हो सका।
दो दिन की छुट्टी के बाद मंगलवार को बैंक में भीड़ थी। दोपहर करीब 1:50 बजे अचानक बैंक के बिजली के मीटर में आग लग गई, तेज धमाका होने से भगदड़ मच गई। ग्राहक काउंटरों को छोड़कर बैँक के बाहर लोग भागे। गार्ड ने जनरेटर को बंद किया, दो कर्मचारी आग को बुझाने में जुट गए। बैंक मैनेजर शैलेंद्र सिंह ने घटना की जानकारी बिजली विभाग को दी। वहां से कोई नहीं आया। इस पर उन्होंने प्राइवेट बिजली कर्मी को बुलवाकर कनेक्शन ठीक कराया गया। काम नहीं होने ग्राहकों को लौटना पड़ा।
बैंक मैनेजर ने बताया कि जनरेटर चल रहा था, तभी अचानक बिजली आ गई। तेज वोल्टेज से शार्ट सर्किट हो गया और आग लग गई। कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। ग्राहक सुनील, शोभित, राहुल, रीमा, सुंदरी देवी, रचना ने बताया कि अचानक धमाका होने से बैंक में दहशत फैल गई, ग्राहकों के साथ कर्मचारी भी बाहर निकल आए। थोड़ी देर बाद स्थिति नियंत्रण में आ गई।
- शार्ट सर्किट से लगी आग , नुकसान नहीं
- काम बंद होने से ग्राहकों को हुई परेशानी