फर्रुखाबाद। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाआें में नकलची अब हाईटेक हो चले हैं। कापी के पन्नों के अलावा मोबाइल से भी नकल करना नकलचियों ने सीख लिया है। सचल दलों ने दो बच्चों के पास से मोबाइल फोन बरामद किया। एक को छोड़ दूसरे का परीक्षा से निलंबित कर दिया गया।
बुधवार को बोर्ड परीक्षा में सुबह की पाली में इंटरमीडिएट अंग्रेजी, कृषि विज्ञान और हाईस्कूल कंप्यूटर की परीक्षा हुई। परीक्षा में सचल दलों के निरीक्षण के बावजूद परीक्षार्थी नकल करने से बाज नहीं आए। शहर के रस्तोगी इंटर कालेज में एपी सिंह के नेतृत्व वाले सचल दल ने छापा मारा। छापेमारी के दौरान कमरा नंबर एक में परीक्षा दे रहे
एमआईसी के छात्र के पास से मोबाइल फोन बरामद कर लिया। छात्र को परीक्षा से निलबित कर कोतवाली में सूचना भेजी गई। वहीं सर्वोदय इंटर कालेज पिपरगांव में संगीता यादव के नेतृत्व में गए सचल दल ने एक नकलची को गैस पेपर के पन्ने के साथ पकड़ लिया। दोनों ही छात्रों के विरुद्ध थाने में केंद्र व्यवस्थापकों ने मुकदमा दर्ज करवाया है। वहीं पंडित जवाहरलाल नेहरू इंटर कालेज जरारी में छात्रा के पास मोबाइल फोन बरामद किया गया। सचल दल ने मोबाइल फोन को केंद्र व्यवस्थापक के सुपुर्द कर दिया।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा में बुधवार को 900 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। सुबह की पाली में इंटरमीडिएट अंग्रेजी की परीक्षा में 7436 बच्चों में से 881, कृषि विज्ञान में 277 में से पांच परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी। हाईस्कूल कंप्यूटर की परीक्षा में 267 में से 14 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
नकल करते दो छात्र धरे गए
एक के पास से मोबाइल तो दूसरे के पास से मिला पन्ना
अमर उजाला ब्यूरो