फर्रुखाबाद। ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। इनका साथी घायल हो गया। स्कूटी सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। इससे दोनों भाइयों के सिर की चोटें जानलेवा साबित हुईं। यह हादसा शनिवार दोपहर फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में कानपुर-फतेहगढ़ मार्ग पर जिला जेल चौराहे के पास हुआ। घायल को नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया है।
कमालगंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला सुभाष नगर निवासी रंजीत (34) पुत्र राजेंद्र गुप्ता चचेरे भाई आयुष उर्फ रामकिशन (18) पुत्र सुरेश उर्फ सुल्ले और इसी मोहल्ले के राहुल (20) पुत्र नरेश चंद्र के साथ स्कूटी से मेला रामनगारिया जा रहे थे। रंजीत स्कूटी चला रहा था। जिला जेल चौराहे के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे स्कूटी सवार उछल कर कई फीट दूर गिर पड़े।
ट्रक की चपेट में आकर तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनके सिर के अलावा हाथ-पैरों में भी चोटें थीं। इस बीच चालक ट्रक छोड़ कर भाग गया। घायलों को आननफानन लोहिया अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर मनोज रतमेले ने रंजीत को मृत बता दिया। हालत गंभीर देख आयुष को कानपुर रेफर कर दिया। परिवारीजन उसे कानपुर ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने शवों पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश की जा रही है।
फर्रुखाबाद में ट्रक की टक्कर से दो चचेरे भाइयों की मौत
क्रासर-
स्कूटी पर थे तीन लोग, नहीं लगाए थे हेलमेट, साथी घायल
कानपुर-फतेहगढ़ मार्ग पर हादसा, सिर की चोटें बनीं जानलेवा
अमर उजाला ब्यूरो