फर्रुखाबाद। घरेलू विवाद के चलते पूर्व सैनिक ने पालीटेक्निक परिसर में पेड़ के फंदे से लटक कर जान दे दी। घटना की सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि घरेलू कलह के चलते पूर्व सैनिक ने आत्मघाती कदम उठाया है।
जिला मैनपुरी थाना किशनी के गांव दिन्नू निवासी रिटायर्ड सैनिक सतेंद्र सिंह शाक्य (40) पुत्र रामनरायन कोतवाली फतेहगढ़ के बेवर रोड स्थित पालीटेक्निक के सामने मकान बनवा कर काफी समय से रह रहे है। गुरुवार की सुबह सतेंद्र सिंह घर से निकाल आए। इसके बाद अपने मकान के सामने स्थित पालीटेक्निक परिसर में बने
शहतूत के पेड़ से मफलर से लटक कर जान दे दी। कुछ समय बाद जब परिसर में सतेंद्र का शव फंदे से लटका देखा तो आसपास के लोग एकत्रित हो गए। इसकी जानकारी होने पर पत्नी सरिता और परिवार के अन्य लोग भी एकत्रित हो गए। शव को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने पर फतेहगढ़ कोतवाल दधिबल तिवारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को नीचे उतरवा कर
पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूर्व सैनिक के एक बेटा उदित और एक बेटी सृष्टि है। कोतवाल ने बताया कि घरेलू विवाद के चलते पूर्व सैनिक परेशान रहता था।
पूर्व सैनिक ने फांसी लगा जान दी
सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, पुलिस ने मौके पर जाकर की जांचपड़ताल
मैनपुरी के थाना किशनी निवासी युवक फतेहगढ़ के बेवर रोड पालीटेक्निक के सामने रहता था
अमर उजाला ब्यूरो