अमर उजाला ब्यूरो
ऊचगंाव (भगंवतनगर)। जिले के पहले स्मार्ट गांव जगतपुर का विधानसभा अध्यक्ष ने फीता काटकर उद्घाटन किया। स्मार्ट गांव के रूप मेें जगतपुर को विकसित करने में योगदान देने वालों को अध्यक्ष ने प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया।
पंचायतीराज विभाग ने जगतपुर को स्मार्ट गांव के रूप में विकसित किया है। गांव की हर गली में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। गांव के प्राथमिक विद्यालय के एक कक्ष को आधुनिक बनाया गया है। इसी स्मार्ट गांव का सोमवार को उद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष ह्रदय नारायण दीक्षित ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को आगे ले जाने के लिए हाईटेक प्रणाली से लैस गांव का विकास कराने के लिए कटिबद्ध है। कहा कि वह दिन दूर नहीं जब प्रदेश का प्रत्येक गांव स्मार्ट गांव होगा।
जिलाधिकारी अदिति सिंह ने जगतपुर के जिले का पहला स्मार्ट गांव बनने पर सरकार के साथ-साथ गांव की जनता को भी बधाई दी। संचालन कवि सुरेश फ क्कड़ ने किया। योजनाओं की जानकारी जिला पंचायत राज अधिकारी राजेंद्र प्रसाद यादव ने दी। कार्यक्रम में एसपी नेहा पांडे, योगेश बाजपेई, आशीष शुक्ला, प्रधान बक्सर मुन्ना सिंह, अंकुर सिंह, सुधीर शर्मा, सुरेंद्र सिंह, राज, डिंपल व चंदन आदि मौजूद रहे। प्रधान मनोज शुक्ला ने विधानसभा अध्यक्ष व डीएम का स्वागत किया। गांव को स्मार्ट गांव का दर्जा दिलाने में सहयोग करने वाले ग्राम प्रधान मनोज शुक्ला, बीडीओ सुमेरपुर, डीपीआरओ राजेंद्र प्रसाद, एसडीएम बीघापुर प्रदीप कुमार, सीओ बीघापुर श्यामाकांत त्रिपाठी व जिला परियोजना अधिकारी नितिन रावत को प्रशस्तिपत्र देकर अध्यक्ष ने सम्मानित भी किया।
सुमेरपुर विकासखंड के जगतपुर गांव को लखनऊ मंडल के प्रथम स्मार्ट गांव का दर्जा प्राप्त हुआ है। इस स्मार्ट गांव में प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को पढ़ाने के लिए प्रोजेक्टर की व्यवस्था की गई है। बच्चों को पीने के लिए आरओ लगाया गया हे। वहीं गांव में सामुदायिक केंद्र का निर्माण कराया गया है। सम्पूर्ण ग्राम में सीसीटीवी कैमरे लगाये गए हैं। कैमरों की मानीटरिंग सामुदायिक केंद्र से की जा रही है। इसके माध्यम से रोज सीडी बनाई जाएगी। पौधरोपण के जरिए पर्यावरण को शुद्ध करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यालय प्रांगण में पौधा लगाया। इसके अतिरिक्त गांव में शौचालयों का निर्माण करा खुले में शौंचमुक्त किया जाएगा।
जिले के पहले स्मार्ट गांव का उद्घाटन
जगतपुर को स्मार्ट गांव बनाने वालों को प्रशस्तिपत्र देकर किया सम्मानित
गांव की हर गली में लगाए गए हैं सीसीटीवी कैमरे, की गई हैं अन्य सुविधाएं