विहिप नेता के भतीजे से नगदी और बाइक लूटी
अमर उजाला ब्यूरो
कोंच। कोंच से अपने गांव हरदोई गुर्जर लौट रहे विहिप नगर अध्यक्ष के भतीजे से रविवार रात बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर नगदी, मोबाइल और बाइक लूट ली। बदमाश हांथ पैर बांधकर उसे सड़क किनारे खेत में फेंक गए। किसी तरह बंधनमुक्त होकर युवक ने राहगीरों की मदद से पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस ने जांच पड़ता कर पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोंच कोतवाली क्षेत्र के गांव हरदोई गुर्जर निवासी सुशील दूरवार मिरकू महाराज विहिप के नगर अध्यक्ष हैं। उनका भतीजा सिद्धार्थ दूरवार पुत्र राघवेंद्र शरण दूरवार डीजे का काम करता है। रविवार को उसका डीजे ग्राम पनयारा में लगा था। रविवार रात करीब नौ बजे वह कोंच से बाइक पर अपने गांव हरदोई गुर्जर जा रहा था। कैथी गांव के आगे निकलने पर एक बाइक ने सिद्धार्थ की बाइक को ओवरटेक किया। दूसरी बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने तमंचा दिखाकर सिद्धार्थ की बाइक रुकवा ली।
बदमाशों ने सिद्धार्थ की जेब में पड़े 1200 रुपये, मोबाइल फोन के अलावा उसकी बाइक यूपी 92 वी 9412 लूट ली। बदमाशों ने हाथ पैर बांधकर सिद्धार्थ को खेत में फेंक दिया। किसी तरह खुद को बंधन मुक्त पर सिद्धार्थ सड़क पर पहुंचे और राहगीरों की मदद से पुलिस को लूट की सूचना दी। कुछ देर बाद एट और कोंच कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। सूचना मिलने पर विहिप और भाजपा नेता कोतवाली पहुंच गए।
सिद्धार्थ की तहरीर पर काेंच कोतवाली पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल सत्यदेव का कहना है कि लूटे गए मोबाइल से बदमाशों की लोकेशन लेने की कोशिश की जा रही है। सिद्धार्थ के बताए गए हुलिया के अनुसार बदमाशों का स्केच भी बनवाया जा रहा है।
हाथ और पैर बांधकर सड़क किनारे खेत में फेंक दिया
कोंच से अपने गांव हरदोई गुर्जर लौट रहा था युवक