औरैया। शहर के देवकली मंदिर पर सावन के दूसरे सोमवार को श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से ही लग गई। महिलाओं की संख्या ज्यादा दिखाई दी। भारी पुलिस सुरक्षा के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान कालेश्वर की पूजा अर्चना की। मंदिर परिसर में लगे मेले से लोगों ने दैनिक जमकर खरीदारी की। बच्चों ने झूलों का आनंद उठाया।
सावन माह के दूसरे सोमवार को भगवान कालेश्वर की पूजा अर्चना को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हुई। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। श्रद्धालुओं ने भगवान कालेश्वर पर बेलपत्री, धतूरा, फूल, दूध व जल से पूजा अर्चना की।
मंदिर दर्शन को आने वाली महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग लाइनों की व्यवस्था की गई थी। स्काउट-गाइड भी व्यवस्था दुरुस्त करने में पूरी तन्मयता से जुटे दिखाई दिए। इस दौरान जय महाकाल के उद्घोष से मंदिर परिसर पूरी तरह से भक्तिमय दिखाई दिया।
उधर, दर्शन के बाद महिलाओं ने परिसर में लगे मेले से दैनिक जरूरत के सामानों की खरीदारी की। बच्चों ने भी मेले में लगे आसमानी झूला, चक्कर झूला, कार झूला, मिक्की माउस आदि का लुत्फ उठाया। इस दौरान एएसपी आरके सक्सेना, सीओ सिटी भास्कर वर्मा, कोतवाली प्रभारी संतोष मिश्रा, महिला एसआई संगम भदौरिया के अलावा फायरब्रिगेड के अधिकारी भी मौजूद रहे।
- कालेश्वर मंदिर पर पूजा के लिए जुटी भीड़, मेले से जमकर हुई खरीदारी
अमर उजाला ब्यूरो