कानपुर देहात। अकबरपुर कोतवाली पुलिस नें चेकिंग के दौरान लूट, टप्पेबाजी व ठगी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक तमंचा व कारतूस भी बरामद हुआ है। आरोपी ने कई लूट, चोरी व ठगी की घटनाओं को कबूल किया है।
शनिवार को प्रभारी निरीक्षक ऋषिकांत शुक्ला ने बताया कि वह टीम के साथ बाढ़ापुर रोड पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे संदिग्ध युवक को पूछताछ के लिए रोका तो वह भागने लगा। पुलिस ने उसे दौड़कर पकड़ लिया। उसकी तलाशी लेने पर एक 315 बोर का तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। पकड़ा गया युवक अजीतमल थाना क्षेत्र के हरसहांय पुरवा गांव निवासी दीपू उर्फ शैलेंद्र है। उसने पूछताछ में जुलाई माह में सिकंदरा के बिरहना चौराहे से दो लाख रुपयों से भरा एक महिला का पर्स चोरी करने, रुरा थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति से धोखाधड़ी कर उसके एटीएम से एक लाख 22 हजार रुपये निकालने सहित जनपद कन्नौज, इटावा व औरैया में भी कई चोरी, लूट व टप्पेबाजी जैसी जघन्य घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की है। चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी दीपू उर्फ शैलेंद्र शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ औरैया, इटावा, कन्नौज, सिकंदरा, रुरा व अकबरपुर आदि थानों में लूट, चोरी, गैंगेस्टर व धोखाधड़ी सहित संगीन धाराओं के तहत आठ मुकदमा दर्ज है।