कानपुर देहात। विद्युतीकरण से सबंधित सामग्री अनाधिकृत रूप से बेचने व वित्तीय अनियमितता करने के मामले में एसडीओ रसूलाबाद को प्रबंध निदेशक ने निलंबित कर दिया है। उन पर पनकी विद्युत स्टोर में तैनाती के दौरान अनियमितता करने का आरोप लगा था। जिसकी जांच में पुष्टि के बाद यह कार्रवाई की गई है।
झींझक डिवीजन के रसूलाबाद उपंखड कार्यालय में तैनात एसडीओ राकेश सोनी इससे पहले सहायक अभियंता विद्युत भंडारण केंद्र पनकी में तैनात थे। उन पर विद्युत सामग्री बेचने जैसे गंभीर आरोप लगे थे। जिसकी जांच प्रबंध निदेशक स्तर से समिति गठित करके कराई गई थी। जांच रिपोर्ट में विद्युत सामग्री को बेचने में अधीनस्थों का सहयोग करने, निगम के आदेशों का अनुपालन न करने, आपूर्ति कर्ताओं के भुगतान में गड़बड़ी कर निगम को वित्तीय हानि पहुंचाने का उन्हें दोषी पाया गया है। इस पर दक्षिणांचल विद्युत निगम के प्रबंध निदेशक एसके वर्मा ने समिति की जांच आख्या के अनुसार उन्हें बुधवार को निलंबित कर दिया। अधीक्षण अभियंता एसके श्रीवास्तव ने बताया कि एसडीओ पुराने मामले में निलंबित किए गए हैं। इस अवधि में वह कार्यालय मुख्य अभियंता कानपुर वितरण क्षेत्र से संबंद्ध रहेंगे।