पतारा (कानपुर)। कस्बे के रेलवे स्टेशन परिसर में करीब 70 वर्षीय वृद्धा अचेत हालत में पड़ी मिली। सुबह लोगों ने देखा और पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस से वृद्धा को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर रेफर कर दिया।
पतारा चौकी इंचार्ज सुशील कुमार सिंह ने बताया कि वृद्धा के पास एक झोला मिला है, जिसमें ब्लड प्रेशर की दवाएं मिली हैं। जबकि, इसके अलावा उसकी पहचान संबंधी कोई कागजात नहीं मिला है। वहीं, कुछ लोगों ने बताया कि वृद्धा रात में जबलपुर एक्सप्रेस से पतारा स्टेशन पर उतरी थी। लेकिन, बाहर निकलते ही वह एक जगह बैठ गई थी और सुबह वहीं पर अचेत पड़ी मिली। पुलिस उसकी जानकारी कर रही है।