अमर उजाला ब्यूरो
तालग्राम। संक्रमित रोगों से जूझ रहे दलापुरवा गांव के पड़ोसी तीन अन्य गांवों में भी संक्रामक रोगों का प्रभाव दिखने लगा है। मंगलवार को बिरियाहार, टिकरियन और अंथरा गांव में बुखार के कई मरीज मिले हैं। एमओआईसी डॉ. इरशाद ने इन गांवों में भी स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजने की बात कही है।
गांव बिरियाहार के विश्वनाथ, शिवप्रसाद सिंह, उजागर सिंह, राजपाल, रघुनाथ सिंह, जितेंद्र सिंह, वीरपाल सिंह, महपाल ने बताया कि गांव में गंदगी की वजह से बीमारियां फैल रही हैं। इनकी रोकथाम के लिए कई बार ग्राम प्रधान और अधिकारियों से कहा लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके चलते गांव के 13 लोग बीमार हैं। इनमें जितेंद्र सिंह (42), गजेंद्र सिंह (48), नरेंद्र सिंह (40), शिवम (11) पुत्र नरेंद्र सिंह, धर्मेंद्र (24), छोटे सिंह (60), छब्बू सिंह (70), अवनीश (17), कल्लू सिंह (38), अनन्या (2) पुत्री जितेंद्र, सौम्या (डेढ़ वर्ष) पुत्री दीपक, रिचा (1) पुत्री अजीत, विनोद कुमारी (50) शामिल हैं।
इसी प्रकार पड़ोसी गांव टिकरियन में हरीराम, बालकराम, छोटेलाल, मनीष, अंकुर को बुखार ने अपनी चपेट में ले लिया है। अंथरा गांव में कुसमा देवी समेत कई लोग बुखार से पीड़ित मिले हैं। एमओआईसी डा. इरशाद ने मंगलवार को टीम भेजने की बात कही है। अतरौली गांव की शकुंतला देवी (22) को डेंगू की आशंका पर जिला अस्पताल भेजा गया।
अतरौली गांव में दवा बांटी, ब्लड सैंपल लिए
तालग्राम। अतरौली गांव में सोमवार को डिप्टी सीएमओ जयजयराम के नेतृत्व में टीम पहुंची। टीम में शामिल डॉ. बाबूराम शाक्य, एलटी सुरजीत, आनंद, अरुण, अवनीश ने 25 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर 15 मरीजों की स्लाइडें बनाईं। गांव में मलेरिया से बचाव की दवा का छिड़काव भी किया है। टीम ने कांशीराम कालोनी में24 लोगों का परीक्षण किया और दवा दीं।
तीन और गांवों में बुखार का प्रकोप
-बिरियाहार, टिकरियन और अंथरा गांव में कई बीमार
- अतरौली में महिला को डेंगू की आशंका, रेफर