कानपुर देहात। शिक्षामित्रों को बढ़े मानदेय का लाभ मिल गया है। मंगलवार को माती स्थित ईको पार्क में सम्मान समारोह का आयोजन कर कैबिनेट मंत्री ने शिक्षामित्रों को प्रतीकात्मक चेक भेंट की। इस दौरान सभी ने शिक्षामित्र सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण देखा। मानदेय बढ़ने पर सभी शिक्षा मित्रों के चेहरे पर मुस्कान नजर आई।
शासन ने शिक्षा मित्रों का मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये कर दिया है। इस उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम का कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, विधायक पूनम संखवार, भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने शुभारंभ किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ने कहा मानदेय वृद्धि से शिक्षामित्रों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन होगा। प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। मानदेय बढ़ाए जाने के साथ इन्हें कैशलेस सुविधा भी प्रदान की जाएगी। स्कूल चलो अभियान से जहां विद्यालयों में नामांकन में वृद्धि हुई है, वहीं डीबीटी के जरिये अभिभावकों के खाते में सीधे धनराशि पहुंच रही है।
विधायक ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक निर्णय है जो सरकार की संवेदनशीलता व शिक्षामित्रों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस दौरान उन्होंने शिक्षामित्रों से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने की अपील की। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि शासन से बढ़ाए गए मानदेय का समय से भुगतान सुनिश्चित कराया जाएगा। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय, सीडीओ विधान जायसवाल सहित मौजूद सभी अधिकारियों ने शिक्षामित्रों को शुभकामनाएं दी। इस मौके पर एडीएम प्रशासन अमित कुमार, डीडीओ सुनील कुमार तिवारी, बीएसए अजय कुमार मिश्र व सभी खंड शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।