कानपुर देहात। डेरापुर कस्बे के रैगवां में शहीद जवान का शव शनिवार भोर पहर पहुंचने की उम्मीद है। अंतिम संस्कार में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और प्रदेश सरकार के सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी शामिल होंगे। इसके अलावा कई दलों के लोगों के साथ आसपास के गांवों के ग्रामीणों की भारी उमड़ने की आशंका को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है।
जानकारी के मुताबिक गांव के बाहर दोपहर 12 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा। शहीद के परिजन से मिलने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी व जिले के प्रभारी मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा सुबह 11 बजे गांव रैगवां पहुंचेंगे। डीएम राकेश कुमार सिंह ने बताया कि केंद्रीय मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री का प्रोटोकाल आ गया है। पार्किंग व अन्य अव्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। अंत्येष्टि स्थल पर साफ सफाई का काम पूरा कराने के निर्देश एसडीएम को दिए गए हैं।