घाटमपुर (कानपुर)। मऊ जिले में हुई राजस्व लेखपाल की हत्या मामले को लेकर घाटमपुर में भी राजस्व लेखपालों ने तहसील परिसर में धरना दिया। करीब तीन घंटे तक धरना देने के बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शशांक चौधरी को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन दिया। जिसमें हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी किए जाने की मांग उठाई। शुक्रवार को राजस्व लेखपाल संघ के स्थानीय अध्यक्ष रामकुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बीते दिनों मऊ जनपद में उनकी साथी लेखपाल धीरज सिंह की हत्या हुई थी। लेकिन, पुलिस हत्यारों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। जिस समय घटना हुई लेखपाल धीरज सिंह प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के आवेदनों का संकलन कर रहे थे। उसी दौरान आए पांच-छह लोगों ने उनको घेरकर गोली मार दी और फरार हो गए। राजस्व लेखपालों ने घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। दोपहर बाद उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को सौंपा। राजस्व लेखपालों ने दिवंगत लेखपाल के परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद दिलाने, लेखपाल की पत्नी को पेंशन और आश्रितों को नौकरी दिए जाने के साथ ही राजस्व लेखपालों को आत्मसुरक्षा के लिए आवेदन करने पर एसडीएम की ही संस्तुति पर शस्त्र लाइसेंस निर्गत करने की मांग उठाई। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने उनका ज्ञापन मुख्यमंत्री तक भिजवाने का आश्वासन दिया।