झींझक (कानपुर देहात)। मंगलपुर कस्बा स्थित प्रदीप ज्वैलर्स की दुकान में मंगलवार की देररात सेंध लगाकर चोर नगदी और ज्वैलरी चोरी कर ले गए। गश्त कर रहे चौकीदारों को जब इसकी भनक लगी तो शोर मचाया। चौकीदार के शोर मचाने पर चोर मौके से फरार हो गए। बुधवार सुबह घटना की जानकारी पर इंस्पेक्टर व सीओ ने मौके पर पहुंच कर पड़ताल की।
मंगलपुर कस्बे के मुख्य मार्ग पर स्थित बीर प्रताप राठौर मार्केट में झीझक के वार्ड नंबर 6 नेहरू नगर निवासी प्रदीप वर्मा ज्वैलरी की दुकान किए हैं। मंगलवार की शाम वह दुकान बंदकर अपने घर चले गए। इसके बाद देर रात चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार में सेंध लगा दी। दुकान के अंदर रखे करीब 40 हजार कीमत के आभूषण व करीब तीन चार हजार की नगदी चोरी कर ले गए। इस बीच गश्त पर निकले सिपाही और चौकीदारों को चोरी की भनक लग तो उन्होंने शोर मचाया। तभी चोर पीछे सेंध से निकलकर फरार हो गए।
रात में ही चौकीदारों ने थाने में मुंशी को सूचना दी। सुबह थाने पहुंचे दुकान मालिक प्रदीप वर्मा ने अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। सुबह पहुंचे सीओ डेरापुर तेजबहादुर सिंह व निरीक्षक मंगलपुर तुलसीराम पांडेय ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है।