फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आरोपी का कुएं में मिला शव, थाने का घेराव कर हंगामा

विज्ञापन
विज्ञापन
डेरापुर(कानपुर देहात)। थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव के बाहर एक कुएं में हत्या के प्रयास के आरोपी का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस से शव को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले में खेत मालिक की तहरीर पर इत्तफाकिया दर्ज किया गया है। वहीं, परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर रंजिश के चलते हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। वहीं हत्या का मुकदमा दर्ज न करने पर पोस्टमार्टम के बाद शव को थाने में रख परिजनों ने करीब ढाई घंटे हंगामा किया।
विज्ञापन

मणनापुर गांव निवासी बीरेंद्र सिंह (30) का कुछ दिन पूर्व गांव के शिवाजी से विवाद हुआ था। इसमें शिवाजी की तहरीर पर पुलिस ने वीरेंद्र सिंह सुरेंद्र सिंह राजेंद्र सिंह व गजेंद्र सिंह सहित चारों भाइयों के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस चारों भाइयों की तलाश कर रही थी जिसके चलते वह फरार चल रहे थे। शनिवार की रात पड़ोस के गांव फत्तेपुर निवासी शंभू प्रसाद अपने ट्यूबवेल की रखवाली करने खेत पर पहुंचा तो वहां गजेंद्र सिंह मिला, उसने शंभू प्रसाद को बताया कि उसके भाई की रंजिश में हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया गया। ट्यूबवेल मालिक ने पुलिस को सूचना दी तो गजेंद्र वहां से फरार हो गया। पुलिस ने कुएं में देखा तो चप्पल उतराती दिखाई पड़ी। इसके बाद दमकल कर्मियों को सूचना दी गई। सूचना पर थानाध्यक्ष रामबहादुर पाल ने कांटा डलवा कर शव को पानी में ढूंढने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। इस बीच पहुंचे दमकल कर्मियों ने नलकूप से कुएं में पानी भरवाया तो शव उतराने लगा। नलकूप मालिक की तहरीर पर इत्तफाकिया दर्ज कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। भाई गजेंद्र ने रंजिश में भाई वीरेंद्र की हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने छानबीन के बाद ही हत्या का मुकदमा दर्ज करने की बात कही।
इधर, पोस्टमार्टम होने के बाद पूर्व ब्लाक प्रमुख वेद व्यास निराला के साथ पहुंचे मृतक के परिजन व ग्रामीणों ने थाने में शव रख हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने करीब ढाई घंटे तक हंगामा कर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इसकी जानकारी पर पहुंचे सीओ तेज बहादुर से ग्रामीणों को समझाकर मुकदमा दर्ज कराने का भरोसा दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर चले गए। एसओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने व छानबीन के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें