अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। बुकिंग के बहाने दो स्कार्पियो और एक बोलेरो लूटने वाले गैंग के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हालांकि अन्य आरोपियों की तलाश में दिल्ली गई पुलिस बैरंग लौट आई है। एक माह के अंदर तीनों वाहन बारी-बारी से गैंग ने लूटे थे।
ललौली थाने मूसेपुर गांव निवासी अंसार की बोलेरो 25 दिन पहले गाजीपुर इलाके से चित्रकूट बुकिंग के लिए बुक की गई थी। चालक अंसार को हसवा चौकी पुलिस ने दूसरे दिन बेहोशी की हालत में पाया था। उसकी बोलेरो तीन लुटेरे पार ले गए थे। दूसरी घटना एक पखवारे पहले खंभापुर निवासी जितेंद्र पाल के साथ हुई थी। उसकी नई स्कार्पियो को लुटेरों ने बुकिंग के लिए बिलंदा हाईवे पर बुलाया था।
जितेंद्र को कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र में बेहोशी की हालत में फेंक गए थे। तीसरी घटना के शहर के गाजीपुर बस अड्डा निवासी अनिल कुमार सिंह के साथ हुई। उसे भी बुकिंग के बहाने थरियांव बुलाए थे। अनिल कुमार थरियांव के बहरामपुर के पास बेहोशी हालत में छोड़कर स्कार्पियो लूट ले गए थे।
एसओ बिपिन कुमार सिंह ने बताया कि जयरामनगर इलाके के उत्तममणि शर्मा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि घटनाओं में उसका भाई शिवमणि शर्मा साथ रहता है। तीसरा सदस्य खागा कोतवाली क्षेत्र के कटोघन निवासी महेंद्र सिंह है। तीनों दिल्ली में मैरिज हाल पर वाहनों की पार्किंग का ठेके का काम करते हैं।
शिवमणि और महेंद्र ने ही तीनों लूटे वाहनों को दिल्ली में बेचा है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दोबारा पुलिस दिल्ली जा चुकी है। वह अपने ठिकानों पर नहीं मिले हैं। उनके पकड़े जाने के बाद तीनों वाहन बरामद हाेंगे।
बेहोश कर वाहन लूटने वाला गिरफ्तार
बुकिंग के बहाने से एक माह में तीन वाहन उड़ाए थे
लूटने के बाद वाहनों को दिल्ली में खपाता था गैंग