अमर उजाला ब्यूरो
सौरिख।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर एनसीसी प्लांट के समीप तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। ऐसा चालक को झपकी आने की वजह से हुआ। हादसे में कार पर सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। सभी घायल राजस्थान के खाटू श्यामजी के दर्शन कर जनपद लखीमपुर खीरी लौट रहे थे।
सोमवार दोपहर एनसीसी प्लांट के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर पर टकराकर पलट गई। हादसे में लखीमपुर खीरी के मोहल्ला ईदगाह निवासी विजय भल्ला पुत्र सूरजनारायण भल्ला, अंकित गुप्ता पुत्र सुशील कुमार, प्रवेश गुप्ता पुत्र हीरालाल, मुनीश पुत्र श्यामपाल, राजकुमार पुत्र संतोष कुमार, अंकुर महिंद्रा पुत्र श्याम महिंद्रा तथा चालक अनुज अवस्थी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्लांट के कर्मचारियों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। उपचार के दौरान अंकुर महिंद्रा ने दम तोड़ दिया जबकि अन्य सभी घायलों को राजकीय मेडिकल कालेज तिर्वा के लिए रेफर कर दिया गया। घायलों ने बताया कि कार अनुज अवस्थी चला रहा था। अचानक उसे झपकी आ गई, जिससे कार डिवाइडर पर चढ़ गई और कई पलटा खाकर नीचे जा गिरी। पुलिस ने एक्सप्रेस-वे पर फैला घायलों का सामान समेट कर राजकीय मेडिकल कालेज भेज दिया। वहीं सूचना पाकर घायलों के परिजन भी लखीमपुर खीरी से मेडिकल कालेज पहुंच गए थे।
एक्सप्रेस-वे पर कार पलटने से एक की मौत, छह घायल
-खाटू श्यामजी के दर्शन कर लखीमपुर खीरी जा रहे थे श्रद्धालु
-चालक को झपकी आने की वजह से हुआ हादसा