अमर उजाला ब्यूरो
औरास। खेत से आवारा मवेशियों को भगाने गई किशोरी हाइटेंशन लाइन के लटकते तारों की चपेट में आकर झुलस गई। खेत में काम कर रहे लोगों ने आनन-फानन विद्युत विभाग के अधिकारियों को सूचना दी और सप्लाई बंद कराई। परिजन घायल किशोरी को मियागंज सीएचसी लाए। हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल किशोरी के पिता ने जेई व लाइनमैन के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
औरास थानाक्षेत्र के चौधरीखेड़ा मजरा सिधूर निवासी रामऔतार की बेटी बबली (13) मंगलवार शाम खेत में खड़ी धान की फसल बर्बाद कर रहे आवारा मवेशियों को भगाने गई थी। तभी विद्युत उपकेंद्र मियागंज से विद्युत उपकेन्द्र हाजीपुर गोशा को गई तैंतीस हजार वोल्टेज लाइन के लटकते हुए तारों की चपेट में आ गई। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। खेत में काम कर रहे किसानों ने किशोरी को करंट की चपेट में आता देख सूचना बिजली विभाग के अधिकारियों को दी। आनन-फानन सप्लाई बंद कराई गई। वहीं किशोरी की हालत गंभीर देख परिजन उसे मियागंज सीएचसी लाए। यहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर किया लेकिन स्थित में सुधार न होने पर परिजन हैलट लेकर चले गए। पिता रामऔतार ने बताया कि बबली कक्षा सात की छात्रा है। पिता रामऔतार ने मियागंज उपकेंद्र के जेई और लाइनमैन के खिलाफ तहरीर दी है।
अधिशाषी अभियंता द्वितीय राजमंगल सिंह ने बताया कि तहरीर की जानकारी नहीं है। किशोरी झुलसी है। इसके लिए एसडीएओ को मौके पर भेजा गया था। किशोरी का इलाज कराया जाएगा। एसओ नारदमुनि सिंह ने बताया कि तहरीर है। लेकिन बिजली विभाग के अधिकारी किशोरी का इलाज करा रहे हैं। जैसे होगा आगे की कार्रवाई की जाएगी।
करंट की चपेट में किशोरी झुलसी
जेई व लाइनमैन के खिलाफ दी तहरीर
औरास थानाक्षेत्र के गांव सिधूर का मामला