उन्नाव। यात्रियों को सुविधा देने के साथ विभाग की कमाई में बट्टा लगा रहे डग्गामार वाहनों से निपटने की तैयारी परिवहन ने कर ली है। जिले के मुख्य मार्गों पर स्टॉपेज बढ़ाकर विभागीय अधिकारियों ने यात्रियों को कम दूरी पर बस की सुविधा दिलाने की पहल की है। अधिकारियों का मानना है कि रोडवेज की बसों के स्टॉपेज के बीच में दूरी अधिक होने से यात्रियों को परेशानी होती थी। स्टॉपेज बढ़ने से यात्री सुविधाओं के साथ ही राजस्व में भी इजाफा होगा।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने जिले के मुख्य मार्गों पर यात्रियों के बने स्टॉपेज की संख्या में बढ़ोत्तरी करने का फैसला लिया है। इसके तहत उन्नाव शहर से बांगरमऊ, बीघापुर, भगवंतनगर, मुंशीगंज, लखनऊ, कानपुर सहित अन्य रूटों पर स्टॉपेज बढ़ाने की तैयारी की है।
अधिकारियों की मानें तो सबसे पहले उन्नाव-मुंशीगंज मार्ग पर राजाबाग में एक स्टॉप बढ़ाया गया है। इस रूट पर करीब 8 किमी की दूरी तक कोई स्टाप नहीं था। इसे देखते हुए यहां स्टॉपेज निर्धारित किए जा रहा हैं। अब यहां पर यात्रियों को बस से सफर के लिए अधिक दूरी तय नहीं करनी होगी। इसके अलावा भगवंतनगर-ऊंचगांव मार्ग, सुमेरपुर रोड पर मालिनकुआं के पास, गदनखेड़ा से बीघापुर मार्ग पर भी स्टाप बनाने का फैसला लिया गया है।
यहां पर यात्रियों को छह किमी का सफर करके बस पकड़ना होता था। इसके अलावा जिले के अन्य मुख्य मार्गों पर भी अधिक दूरी वाले स्थानों पर स्टॉपेज बढ़ाने का काम विभाग की ओर से किया जा रहा है। परिवहन विभाग ने डग्गामार वाहनों की धमाचौकड़ी पर अंकुश लगाने के लिए सुविधा में इजाफा किया है।
अधिक दूरी पर स्टाप बढ़ेंगे
उन्नाव। बस स्टापों की संख्या बढ़ाने का काम किया जा रहा। इसमें कुछ स्थानों को चिह्नित भी किया गया है। इसके बाद जिले में जहां भी दो स्टाप के बीच में अधिक दूरी है वहां पर स्टाप बढ़ेंगे। इससे यात्रियों की सुविधा में इजाफा होने के साथ ही विभाग की कमाई में भी बढ़ोत्तरी होगी। -गौरव वर्मा, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, रोडवेज
-मुख्य मार्गों पर स्टॉपेज बढ़ाकर यात्रियों को सुविधा देने की विभाग कर रहा तैयारी
-जिले में बनने वाले स्टॉपेज प्वाइंटों पर रोडवेज बसें रुक कर यात्रियों को बैठाएंगी
अमर उजाला ब्यूरो