शहर के 17 वर्षीय पद्म राज सिंह का चयन नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। अब वह आगे की तैयारी में जुटे हैं ताकि मेडल ला सकें। पद्म अपने परिवार के तीसरे सदस्य हैं, जो शूटिंग चैंपियनशिप के लिए जा रहे हैं।
पिता राजीव और बहन भी शूटिंग से जुड़ी हैं। बेनाझाबर मेन रोड नवाबगंज निवासी पद्म राज सिंह मेथाडिस्ट स्कूल में 12वीं के छात्र हैं। उन्होंने 11 से 22 दिसंबर तक जयपुर में हुई नेशनल शूटिंग जूनियर टीम 12 बोर ट्रैप क्वालीफाई कर इंडिया टीम में जगह बना ली है। अब वह टीम इंडिया तरफ से खेलने विदेश भी जाएंगे।
उनके पिता राजीव कुमार सिंह का कहना है कि उनकी 22 साल की बेटी कृतिका सिंह ने प्री नेशनल सीनियर शूटिंग प्रतियोगिता क्वालीफाई कर ली है।
परिवार का भी शूटिंग से नाता
पद्म सिंह के परिवार का शूटिंग से पुराना नाता है। पदम की बहन कृतिका डबल ट्रैप शूटिंग में यूपी का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। वहीं पिता राजीव सिंह भी नेशनल शूटर रहे हैं। फिलहाल वह शहर में एक बिल्डर के रूप में जाने जाते हैं।
शस्त्र लाइसेंस मिलेगा
पद्म राज को अब बंदूक का लाइसेंस मिलेगा। इसकी सिफारिश नेशनल राइफल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) के सचिव ने जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा से की है। पद्म के पिता राजीव अब लाइसेंस के लिए आवेदन की औपचारिकता पूरी कर रहे हैं। मंगलवार को एडीएम सिटी अविनाश सिंह से मुलाकात भी की।
नेशनल में जीते हैं तीन गोल्ड
भारत की जूनियर टीम में चुने गए पद्मराज ने दिल्ली में हुए नेशनल शूटिंग इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों वर्ग के ट्रैप, डबल ट्रैप और स्कीड में गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया था। इसी का परिणाम है कि उनका सेलेक्शन भारत की जूनियर शूटिंग टीम में हो गया।