उन्नाव। मिड डे मील योजना के तहत स्कूलों को कनवर्जन कास्ट भेजने से पहले उनके खातों की जांच शुरू हो गई है। धन स्थानांतरण में गड़बड़ी न हो इसके लिए बेसिक शिक्षा निदेशक ने पांच सदस्यीय टीम को जांच के लिए लगाया है।
जिले के 3137 परिषदीय स्कूलों में एमडीएम योजना संचालित है। इसमें 2 लाख 50 हजार बच्चों को रोजाना भोजन की व्यवस्था कराई जाती है। इन स्कूलों में ई कुबेर साफ्टवेयर से धनराशि ट्रांसफर की जाती है। प्राथमिक स्कूल में प्रति बच्चा 4.33 व उच्च प्राथमिक स्कूल में 6.51 रुपये के हिसाब से कनवर्जन कास्ट भेजी जाती है। ग्राम प्रधान व प्रधान शिक्षक का संयुक्त खाता होने से अकाउंट की आईडी भी बनाई जाती है। खातों में भेजे जाने वाले धन में कहीं गड़बड़ी तो नहीं हो रही है इसके लिए पहली बार इन खातों की जांच विभागीय स्तर से कराई जा रही है। अभी तक सिर्फ ऑडिट कराया जाता था। पिछले साल हुए ऑडिट के बाद लोक सेवा समिति के समक्ष प्रस्तुत की गई रिपोर्ट में कई जिलों के एमडीएम की कनवर्जन कास्ट में गड़बड़ी मिली है इसलिए ऑडिट से पहले विभागीय जांच कराई जा रही है। बीएसए बीके शर्मा ने बताया कि जांच 29 जनवरी तक चलेगी। 30 जनवरी को रिपोर्ट लखनऊ भेज दी जाएगी।