अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। ससुराल में निशक्त देवरानी के साथ जेठानी ने किसी अन्य पुरुष से बलात्कार कराया फिर से उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। अदालत ने पति और जेठानी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं। एक अन्य घटना में खेत में घास काट रही किशोरी से पड़ोसी युवक ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मामला बिसंडा थाना क्षेत्र के एक गांव का है। महिला द्वारा सीजेएम न्यायालय में धारा 156(3) के तहत अर्जी दी गई। अर्जी के मुताबिक उसकी निशक्त और मानसिक बीमार नातिन की शादी बिसंडा थाना क्षेत्र के गांव में देवीदीन पुत्र शिवनंदन के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति और उसकी विधवा भाभी दहेज की मांग कर रहे थे।
28 मार्च को पति की गैर मौजूदगी में जेठानी ने किसी अंजान पुरुष को घर में बुलवाकर उसकी नातिन का बलात्कार कराया। अगले दिन पति और जेठानी ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। तब से नातिन उसके साथ रह रही है।
सुनवाई के बाद सीजेएम ने अपने आदेश में कहा है कि प्रथम दृष्टया यह संज्ञेय अपराध प्रतीत हो रहा है। सीजेएम ने थाना प्रभारी को आदेश दिया है कि एफआईआर दर्ज कर विवेचना करें। इस आदेश के बाद मंगलवार को बिसंडा थाना पुलिस ने महिला का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया। उधर, थानाध्यक्ष केपी दुबे ने बताया कि मामला मारपीट का है।
लेकिन कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर मेडिकल कराया गया है। तफ्तीश की जा रही है।
उधर, दूसरी घटना में कमासिन थाना क्षेत्र के एक गांव में 17 वर्षीय किशोरी के साथ पड़ोसी युवक ने खेत में दुष्कर्म किया। किशोरी के पिता ने बताया कि रविवार को सुबह उसकी पुत्री घास काटने गई थी। तभी पड़ोसी कल्लू पुत्र मंगलवा ने दुष्कर्म किया। थानाध्यक्ष नेहाल अहमद ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
-अदालत के आदेश पर थाने में रिपोर्ट दर्ज
-पुलिस बता रही सिर्फ मारपीट का मामला
-अन्य घटना में पड़ोसी ने किशोरी से किया दुष्कर्म