खड़ी बस से ट्रक की टक्कर,यात्री की मौत
राठ। धनौरी गांव के पास खड़ी रोडवेज बस में पीछे से एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस में आगे बैठे एक वृद्ध का सिर बोनट से टकरा गया। अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। वृद्ध के पास बैठे उसके नाती को भी चोटें आईं। इसके अलावा बस में सवार दो दर्जन से अधिक सवारियों को मामूली चोटें आईं हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
मंगलवार सुबह साढे़ छह बजे रोडवेज बस कानपुर जा रही थी। करीब सात बजे राठ-हमीरपुर मार्ग पर धनौरी गांव के पास बस पहुंची, तभी एक यात्री ने लघुशंका के लिए बस रुकवा दी। चालक रामनरेश मिश्रा ने बस सड़क किनारे खड़ी कर दी। इसी दौरान एक ट्रक ने पीछे से बस में जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से बस के आगे बैठे किशन अहिरवार (60) निवासी खडे़हीलोधन थाना मुस्करा का सिर बस के बोनट से टकरा गया।
इससे उनके मुंह और कान से खून निकलने लगा। वृद्ध के साथ मौजूद उसके नाती अरविंद पुत्र वीरपाल ने उन्हें बस से नीचे उतारा। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस किशन को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर किया। अरविंद के हाथ में भी चोटें आईं। इसके अलावा बस में बैठीं दो दर्जन से अधिक सवारियों को मामूली चोटें आईं। बस चालक ने थाने में ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। जबकि चालक का पता अभी नहीं चल सका है। खलासी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बस चालक रामनरेश मिश्रा ने बताया कि बस में करीब 35 सवारियां बैठी थीं।
नाती का झांसी से इलाज करा लौट रहा था किशन
रोडवेज बस में सवार वृद्ध किशन अपने नाती अरविंद (20) का इलाज झांसी से कराकर गांव लौट रहा था। अरविंद ने बताया कि उसके पिता वीरपाल रोहतक में मजदूरी करते हैं। वह अपने बाबा के साथ गांव में रहता था। करीब डेढ़ माह पहले उसका बाइक से एक्सीडेंट हो गया था। इससे उसके सिर में चोटें आईं थीं। झांसी में डा. दिनेश के यहां इलाज चल रहा था। सोमवार को वह अपने बाबा किशन के साथ इलाज कराने के लिए गया था। इलाज कराने के बाद रात करीब नौ बजे वह राठ पहुंचे तो उसे बस नहीं मिली। इस पर वह अपने डुमरियापुरा मोहल्ला स्थित रिश्तेदार शंकर के यहां रुके थे। सुबह गांव जाने के लिए वह रोडवेज बस में सवार हुए थे।
चार लाख तक का होता है बीमा
रोडवेज की बस में सफर के दौरान मिलने वाले टिकट पर बीमा की धनराशि काटी जाती है। रोडवेज के एआरएम गौकरन सिंह ने बताया कि 40 किमी की यात्रा पर बीमा की कोई भी धनराशि यात्री से टिकट में नहीं वसूली जाती है। 40 किमी के बाद यात्री जितनी दूरी तय करता है उस हिसाब से टिकट में बीमा की राशि काटी जाती है। एक टिकट पर यात्री की उम्र के आधार पर अधिकतम चार लाख रुपये का बीमा क्लेम मिलता है। रोडवेज की बस में यात्रा के दौरान कोई दुर्घटना होती है और किसी यात्री की मृत्यु होती है ऐसे केस में वह बीमा क्लेम का हकदार होता है।
- सुबह साढे़ छह बजे राठ से कानपुर जा रही थी रोडवेज बस
- करीब दो दर्जन सवारियां चुटहिल
- राठ के धनौरी गांव के पास चालक ने रोकी थी बस